शनिवार, 16 फ़रवरी 2013

कांग्रेस को सबक सिखाने के लिए जनता तैयार: राजनाथ

भोपाल। महंगाई और भ्रष्टाचार से पीडि़त देश की जनता कांग्रेस को सबक सिखाने का मन बना चुकी है। यूपीए सरकार ने देश को जिस बुरे मुकाम पर ला खड़ा किया है उससे जनता त्रस्त है। भाजपा जनता की व्यथा को समझती है और समय-समय पर हम केन्द्र सरकार को उसका समाधान करने के लिए कहते हंै लेकिन सत्ता ने आंख और कान बंद कर रखे हैं। यह बात अग्रिबाण से बातचीत में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह न कही। प्र- आपने तीसरी बार भाजपा की कमान थामी है। इस बार आप क्या-क्या मुख्य चुनौतियां मान रहे हैं ? उ- किसी भी दल के सामने सबसे बड़ी चुनौती चुनाव होते हैं और चुनाव में सफलता पाने के लिए जन सामान्य का विश्वास पाना जरूरी होता है। इसलिए भाजपा जनता से जुड़े मुद्दों पर जोर देगी। जनता के प्रश्नों का समाधान तलाशेगी। इसके साथ ही कार्यकर्ताओं को अपने आचरण, आचार व व्यवहार को लेकर भी जनता में संदेश देना होगा कि भाजपा हमेशा ही मूल्यों की राजनीति करती है। आज कांग्रेस ने देश में जो हालात कर दिए हैं, उससे राजनेता, राजनीतिक पार्टियों व राजनीतिक व्यवस्था के प्रति लोगों का विश्वास घट रहा है। इसे भी मै चुनौती मानता हूं और भाजपा इस चुनौती को स्वीकार करके लोगों का विश्वास लौटाने का प्रयास करेगी। प्र- अब इस साल नौ राज्यों के चुनाव हैं और फिर भाजपा को लोकसभा के चुनाव में भी कूदना है। लगभग नौ साल से केंद्र की सत्ता से बाहर भाजपा की वापसी के लिए आपके पास क्या योजना है ? उ- कांग्रेस के कुशासन, महंगाई, भ्रष्टाचार, आतंक आदि से लोग पहले से ही बेहाल हैं। यह सही है कि मैं भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गया हूं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि मैं अकेले ही रातों रात सब कुछ बदल दूंगा। मैं पार्टी संगठन और कार्यकर्ताओं के सहयोग से कोशिश करूंगा और हम सब मिलकर ही लोगों की आशाओं को पूरा करेंगे। आज जनता भाजपा की ओर उम्मीद भरी निगाह से देख रही है। प्र- नितिन गडकरी की टीम में युवा वर्ग को काफी प्रतिनिधित्व मिला था, अब कांग्रेस ने भी राहुल गांधी को आगे कर दिया है। आप अपनी टीम में युवा वर्ग को शामिल करने को लेकर क्या सोचते हैं? उ- कांग्रेस की तुलना में भाजपा में ज्यादा युवा वर्ग पहले से ही सक्रिय है, लेकिन वह मध्यम या गरीब वर्गों से हैं। किसानों के बच्चे हैं। इसलिए उन पर किसी का ज्यादा ध्यान नहीं जाता है जबकि कांग्रेस में बड़े बाप के बच्चे हैं। प्र- भाजपा ने पार्टी का अध्यक्ष चुनने का मामला तो सुलझा लिया है। अब क्या भाजपा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार भी तय कर देगी? उ- प्रधानमंत्री के उम्मीदवार को लेकर पार्टी का संसदीय बोर्ड फैसला करेगा। भाजपा में यह भी परंपरा है कि केंद्र में चुनाव के बाद चुने सांसद प्रधानमंत्री चुनते हैं और राज्यों में विधायक मुख्यमंत्री तय करते हैं। प्र- केंद्र में सरकार बनाने के लिए भाजपा को एनडीए का कुनबा भी बढ़ाना होगा, इसके लिए आप क्या करेंगे? उ- पार्टी मजबूत होने पर एनडीए का कुनबा भी बढ़ जाएगा। मोदी भाजपा में लोकप्रिय नेता हैं, लेकिन भाजपा में कोई नेता किसी पद पर के लिए दावा पेश नहीं करता। पीएम पद के उम्मीदवार का निर्णय संसदीय बोर्ड की बैठक में लिया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें