शनिवार, 16 फ़रवरी 2013

प्रदेश में कांग्रेस 130 सीटों पर मजबूत

भोपाल। प्रदेश में एक निजी कम्पनी के सर्वे में जहां भाजपा की 110 सीटों पर स्थिति दयनीय बताई गई है वहीं कांग्रेस आलाकमान द्वारा बंगलुरू की एक निजी कंपनी से कराए गए सर्वे में कांग्रेस को 130 सीटों पर मजबूत स्थिति में होना बताया गया है। सर्वे की इस रिपोर्ट से प्रदेश कांग्रेस के नेता गदगद हैं। रिपोर्ट मिलते ही अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया ने प्रदेश भर का दौरा कर उम्मीदवार तलाशने का कार्यक्रम तैयार करवा लिया है। कांग्रेस पदाधिकारियों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार पर्वेक्षकों की रिपोर्ट मिलने के बाद कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ( राष्ट्रीय महासचिव थे तब) और उनकी टीम ने प्रदेश की 230 विधानसभा सीटों का खाका खिंचवाया था। बंगलुरू की एक निजी कंपनी को सर्वे की जिम्मेदारी दी गई थी। इस कंपनी ने सर्वे की सेम्पल रिपोर्ट नई दिल्ली में उस ग्रुप को सौंप दी है जो पर्दे के पीछे सक्रिय है। सेम्पल रिपोर्ट में दावा किया गया था कि कांग्रेस अपनी वर्तमान सीट में 70 से 80 का इजाफा कर सकती है। यानी अगर प्रदेश में अभी चुनाव होता है तो पार्टी को 130 सीटों से अधिक पर विजय प्राप्त हो सकती है। सर्वे पर सर्वे कराएगा प्रदेश संगठन प्रदेश में नियत समय पर ही विधानसभा चुनाव होंगे। इसलिए प्रदेश संगठन किसी गलतफहमी में नहीं रहना चाहता है। बताया जाता है कि बंगलुरू की जिस निजी कम्पनी ने सर्वे किया है उसकी रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस के पास भी पहुंच गई और अब उसके द्वारा सर्वे पर सर्वे कराया जाएगा। इतना ही नहीं अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया खुद हर विधानसभा क्षेत्र में जाकर पार्टी की नब्ज टटोलेंगे। उनके साथ कुछ बड़े शहर में अन्य बड़े नेता भी जा सकते हैं। रिपोर्ट के अनुसार भोपाल संभाग में 5 से 6 सीटें बढऩे का संकेत है तो जबलपुर संभाग में 15 से 20 सीटों पर कांग्रेस को कुछ शर्त के साथ बढ़त मिलने की संभावना है। यहां ग्रामीण व नगर की दो सीट यलो जोन यानि मेहनत करो तो जीत लो का फार्मूला दिया गया। पिछले दिनों भोपाल में प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सर्वे रिपोर्ट का अध्ययन दिया और यह फैसला लिया कि इसके आधार पर एक और सर्वे कराया जाए। यह भी तय किया गया कि कुछ बड़े नेताओं के साथ भूरिया स्वयं हर विधानसभा क्षेत्र में जाकर पार्टी कार्यकर्ताओं की राय जानेंगे। दिल्ली वाले सर्वे में जो टिप्स दिए गए हैं उसके बारे में भी स्थानीय नेताओं व टिकिट दावेदारों को बताया जाएगा। संभाग स्तर पर भूरिया के साथ कमलनाथ दिग्विजय सिंह, सुरेश पचौरी, ज्योतिरादित्य आदि रह सकते हैं। भूरिया इसी महीने या फिर मार्च में प्रदेश भ्रमण के लिए निकलेंगे। तीन माह पहले होगा टिकट वितरण पार्टी से मिली जानकारी के अनुसार अलाकमान ने प्रदेश अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया को निर्देशित किया है कि चुनाव से तीन महीने पहले ही उम्मीदवारों की घोषणा करने की तैयारी करें। आलाकमान इसके फायदे और नुकसान पर गंभीरता से विचार विमर्श कर रहा है। कुल मिलाकर कांग्रेसियों के लिए आने वाले दिन मेहनत मशक्कत के हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें