शनिवार, 16 फ़रवरी 2013

रथी बनेंगे भूरिया-अजय...तो ज्योतिरादित्य सारथी दिल्ली में कांग्रेस पदाधिकारियों की बैठक में प्रदेशाध्यक्ष और नेताप्रतिपक्ष को मिला फ्री हैंड भोपाल। कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव प्रदेश अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया और नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह के नेतृत्व में लड़ेगी और इनके लिए मैदानी मोर्चा केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया संभालेंगे। यानी कांग्रेस के चुनावी अभियान(रथ )में रथी के रूप में जहां भूरिया और अजय सिंह तो सारथी के तौर पर सिंधिया नजर आएंगे। इस बात का संकेत देते हुए पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रदेशाध्यक्ष और नेताप्रतिपक्ष को मिला फ्री हैंड दे दिया है। मिशन 2013 में अब मात्र 9 माह का समय बाकी है, लेकिन अभी तक कांग्रेस के नेतृत्व को लेकर संशय राजनीतिक गलियारों में बना हुआ था। यह तय नहीं हो पा रहा था कि कांग्रेस का कौन सा नेता चुनाव का नेतृत्व करेगा। कभी भूरिया तो कभी सिंधिया तो कभी दिग्विजय सिंह का नाम सामने आ रहा था। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया को बार-बार यह कहना पड़ रहा था कि वे ही 2013 के मुखिया रहेंगे। इन सारी अटकलों पर विराम लगाते हुए राहुल गांधी ने आगामी विधानसभा चुनाव की बागडोर भूरिया-अजय को सौंपने का संकेत दे दिया है। पदयात्रा करेंगे प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भूरिया और अजय सिंह आगामी दिनों में प्रदेशभर में पद यात्रा करेंगे। इसकी श्ुरूआत मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के निर्वाचन क्षेत्र बुधनी से की जाएगी। पदयात्रा की तारीखें शीघ्र ही घोषित की जाएंगी। ये दोनों नेता क्षेत्रों का विस्तृत दौरा करके खनिजों के अवैध उत्खनन, वनों की अवैध कटाई और किसानों, दलितों, आदिवासियों और महिलाओं आदि की समस्याओं के संबंध में मैदानी जानकारी प्राप्त करेंगे। साथ ही क्षेत्र की जनता से मिलकर भाजपाराज में अनुभव की जा रही कठिनाइयों और समस्याओं की जानकारी भी मालूम करेंगे तथा इनके द्वारा लोगों को आश्वस्त किया जाएगा कि कांग्रेस उनकी इन कठिनाइयों और समस्याओं को हल कराने के लिए मैदान में हर संभव संघर्ष करने के लिए तैयार है। पदयात्रा के दौरान किसी केंद्रीय स्थान पर कांग्रेस की विशाल आमसभा भी रखी जाएगी जिसमें कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता भी शामिल होंगे। कांग्रेस एकजुट होकर फतह करेगी मिशन 2013 बताया जाता है कि दिल्ली में रकाबगंज स्थित राहुल गांधी के कार्यालय में फीडबैक देने के बाद प्रदेश के नेताओं की एक बैठक केंद्रीय मंत्री कमलनाथ के बंगले पर हुई। इस बैठक में कमलनाथ,ज्योतिरादित्य सिंधिया,दिग्विजय सिंह,कांतिलाल भूरिया,अजय सिंह और हरवंश सिंह शामिल हुए। जहां नेताओं ने एकजुटता के साथ चुनाव लडऩे पर विचार विमर्श किया तथा यह निर्णय लिया गया कि कांग्रेस एकजुट होकर मिशन 2013 फतह करेगी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें