बुधवार, 12 मार्च 2014

युवाओं और महिलाओं पर दलों का दांव

रायपुर। छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव के दौरान इस बार महिलाओं के साथ-साथ युवा मतदाता भी निर्णायक भूमिका निभाएंगे। छह माह पहले हुए विधानसभा चुनाव के बाद मतदाता सूची में करीब आठ लाख नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं। इनमें से छह-सात लाख 18 से 19 साल की उम्र वाले युवा मतदाता हैं, जो पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। भाजपा व कांग्रेस सहित अन्य राजनीतिक पार्टियों की नजर महिला व युवा वोट बैंक पर टिक गई हैं। महिला व युवा वोटरों को रिझाने के लिए भाजपा व कांग्रेस अभी से जुट गई हैं। कांग्रेस ने तो छत्तीसगढ़ की ग्यारह सीटों में से नौ सीटों के लिए घोषित उम्मीदवारों की पहली सूची में तीन महिलाओं को टिकट देने के साथ ही युवाओं पर भी भरोसा जताया है। छत्तीसगढ़ के राजनीतिक इतिहास में पहली बार लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने एकसाथ तीन महिलाओं को टिकट दिया है। हालांकि पिछले चुनाव में भाजपा ने तीन महिलाओं को मैदान में उतारा था, जिनमें से दो महिलाएं संसद पहुंचने में सफल रहीं। छत्तीसगढ़ में कुल एक करोड़ 75 लाख से अधिक मतदाता हैं। इनमें 86 लाख 46 हजार महिला और 88 लाख 81 हजार पुरुष मतदाता हैं। जबकि 2009 के लोकसभा आम चुनाव के दौरान छत्तीसगढ़ में कुल एक करोड़ 54 लाख मतदाताओं में से 76 लाख 25 हजार महिला और 78 लाख 45 हजार पुरुष मतदाता थे। केंद्रीय चुनाव आयोग द्वारा भी युवा मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। इस साल लोकसभा चुनाव में पहली बार हुआ कि चुनाव तिथि की घोषणा के बाद मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए बूथ स्तर पर विशेष शिविर लगाए गए। इसमें लोगों ने उत्साह भी दिखाया। आदिवासी बहुल कांकेर व बस्तर में महिला वोटर ज्यादा छत्तीसगढ़ की ग्यारह लोकसभा सीटों में से आदिवासी बहुल बस्तर व कांकेर में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों से ज्यादा है। ये दोनों सीटें अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए आरक्षित हैं। इन इलाकों में मतदान का प्रतिशत बेहतर रहा है। आंकड़ों के मुताबिक पुरुषों की तुलना में महिलाओं के मतदान का प्रतिशत ज्यादा रहा है। बस्तर लोकसभा क्षेत्र में कुल 12 लाख 35 हजार 479 मतदाता हैं, जिनमें से 6 लाख 62 हजार 956 महिला व छह लाख 31 हजार 557 पुरुष हैं। कांकेर लोकसभा क्षेत्र में मतदाताओं की कुल संख्या 14 लाख 42 हजार 279 है। इनमें से महिला मतदाता सात लाख 22 हजार 537 व पुरुष मतदाता सात लाख 19 हजार 731 हैं। रायपुर सीट में सर्वाधिक वोटर छत्तीसगढ़ की रायपुर लोकसभा सीट में सबसे अधिक 18 लाख 75 हजार 452 मतदाता हैं। जबकि सबसे कम मतदाता बस्तर लोकसभा क्षेत्र में 12 लाख 94 हजार 546 मतदाता हैं। दुर्ग लोकसभा क्षेत्र में भी मतदाताओं की संख्या 18 लाख 43 हजार से ऊपर है। 1535 थर्ड जेंडर मतदाता लोकसभा चुनाव में थर्ड जेंडर मतदाताओं की संख्या भी काफी है। पूरे प्रदेश में 1535 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। रायपुर में सबसे अधिक 283 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। जबकि कांकेर लोकसभा क्षेत्र में सबसे कम केवल 11 थर्ड जेंडर मतदाता हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें